शिव उपासना से जीवन में संतोष की प्राप्ति होती है : स्वामी बृज भूषण

अमृतसर| जोड़ा फाटक स्थित चौधरी हरिसिंह नगर के जंजघर में श्री शिव महापुराण की कथा जारी है। जिसमें नंदगांव से पधारे ब्यास गद्दी पर विराजमान स्वामी बृज भूषण महाराज ने कथा करके भक्तों को आनंद विभोर किया। महाराज ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कथा में गोता लगाने से मानव को प्रभु की प्राप्ति होती है, लेकिन कथा सुनने और उसमें उतरने में अंतर होता है। सुनना तो सहज है, लेकिन इसमें उतरने की कला हमें केवल एक संत ही सिखा सकता है। महाराज ने भगवान शिव के शिव-तत्व पर गहन विवेचना किया। उन्होंने कहा कि शिव केवल एक देव नहीं, बल्कि चेतना, करुणा, तपस्या, त्याग और संहार का परम संगम हैं। उनकी उपासना से मनुष्य को आत्मिक बल, मानसिक संतुलन और जीवन में संतोष की प्राप्ति होती है। महाराज ने कहा कि जीवन में सुख-शांति और समृद्धि चाहिए तो प्रीति, सिद्धि और शुभ-लाभ जैसे मूल्यों को अपनाएं। वहीं शिवतत्व की आराधना कलयुग में विशेष फलदायक मानी गई है। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण जीव को मोक्ष के मार्ग पर ले जाती है। शिव का पथ सरल भक्ति का मार्ग है, जिससे आत्मसाक्षात्कार संभव होता है। इस मौके पर प्रधान अजय गोइनका, कुलजीत सिंह, आरके मेहता, दीपक कुमार, पवन कुमार, पं. अनिल शर्मा समेत कई शिव भक्त मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *