भास्कर न्यूज | सोनहत वनांचल क्षेत्र सोनहत के महादेव मिनी स्टेडियम में महादेव सेवा समिति ने सात दिवसीय महाशिवपुराण कथा का आयोजन किया है। आयोजन विधायक रेणुका सिंह के नेतृत्व में किया गया है। कथा समापन अवसर पर जनभावनाओं को देखते हुए विधायक ने मिनी स्टेडियम का नाम बदलकर महादेव स्टेडियम करने की घोषणा की। कथा के अंतिम दिन कथावाचक आचार्य विनयकांत त्रिपाठी ने द्वादश ज्योतिर्लिंग महोत्सव और देवी चरित्र के प्रसंगों का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि सोमनाथ से लेकर रामेश्वरम तक स्थापित 12 ज्योतिर्लिंगों के स्मरण मात्र से मनुष्य के पाप धुल जाते हैं। देवी सती के त्याग और माता पार्वती की कठोर तपस्या का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि शिव और शक्ति एक-दूसरे के पूरक हैं। कथा के दौरान भक्ति का ऐसा माहौल बना कि विधायक रेणुका सिंह और उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा कर फूलों की होली खेली। कथा की समाप्ति पर आचार्य त्रिपाठी ने करीब 3 हजार से अधिक महिला-पुरुष श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप रुद्राक्ष वितरित कर आशीर्वाद दिया। सात दिनों तक चले इस आस्था के कुंभ में प्रदेश के कई दिग्गज शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भैयालाल राजवाड़े, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, सांसद ज्योत्सना महंत, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, एसपी रवि कुर्रे सहित आरएसएस के प्रांत प्रमुख और कोरिया, सूरजपुर व एमसीबी जिले के प्रतिनिधि शामिल है। विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि सनातन परंपरा हमें सिखाती है कि आस्था और सेवा एक-दूसरे के पूरक हैं। जब स्वास्थ्य सेवा और श्रद्धा का संगम होता है, तभी समाज सशक्त बनता है। भोलेनाथ की कृपा से यह भव्य आयोजन सफल रहा।


