भास्कर न्यूज | सोनहत सोनहत ब्लॉक मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में चल रही महाशिवपुराण कथा के दौरान शुक्रवार को दो अनाथ युवक और युवती का विवाह हुआ। विवाह में माता-पिता की रस्म विधायक रेणुका सिंह ने निभाई। महादेव सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने नवविवाहित जोड़ी के लिए घर बसाने की आवश्यक सामग्री प्रदान की। हजारों लोग विवाह के साक्षी बने और अनाथ परिवार को घर बनाने के लिए 2 लाख 51 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी। विवाह में भवन नागवंशी निवासी ग्राम बेलिया और जगमन सूर्यवंशी निवासी ग्राम छीगुरा शामिल थे। महादेव सेवा समिति की संरक्षक और क्षेत्रीय विधायक, पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने नवविवाहित जोड़े को स्नेह और आशीर्वाद दिया। उन्होंने स्वयं कन्यादान की रस्म निभाई और गृहस्थ जीवन के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके को अनाथ बच्चों के जीवन का एक नया सहारा बताया गया। अनाथ दोनों युवक और युवती के वैवाहिक रस्म पूरे रीति-रिवाज से संपन्न हुए। विवाह से पहले पूरे सोनहत में बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ बारात निकाली गई। स्थानीय पुरोहित ने यज्ञशाला में विवाह कराया और सात फेरे लेकर दोनों को विवाह के बंधन में बांधा गया।


