शिव बारात में पुरानी रंजिश को लेकर हत्या:वर्चस्व की लड़ाई में नाबालिग की चाकू गोदकर मार डाला, 7 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में शिवजी की बारात के दौरान हुए विवाद के बाद नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार शाम 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी रंजिश को लेकर हुए झगड़े में आरोपियों ने नाबालिग पर धारदार हथियार से हमला किया था, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना 16 फरवरी की है। वार्ड क्रमांक 17 शांति नगर निवासी शिव कुमार गोड (51) ने मोहन नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र क्षय कुमार गोड उर्फ नानू शिवजी की बारात देखने गया था। बारात के दौरान नानू का कुछ युवकों से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि विवाद की वजह दो क्षेत्रों के बीच वर्चस्व की लड़ाई थी। इलाज के दौरान नाबालिग की मौत हमले में गंभीर रूप से घायल नानू को इलाज के लिए सिकोला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामले की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। रात में ही आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। अगले दिन पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। CCTV फुटेज से आरोपियों की हुई पहचान घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण हमला करना स्वीकार किया। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की गई। इन 7 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार पुलिस ने शक्ति नगर निवासी 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें करण उर्फ बाटा, मनीष देशमुख उर्फ पाडू, अश्वनीद चंद्राकर, आशीष चतुर्वेदी उर्फ मोनू, शुभम देवांगन उर्फ राजा, जितेश वर्मा उर्फ पोगो और आदित्य सेन उर्फ ब्राण्डेड शामिल है। एक महीने से चल रहा था शांति नगर-शक्ति नगर विवाद जानकारी के मुताबिक शांति नगर और शक्ति नगर के युवकों के बीच पिछले एक महीने से विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों क्षेत्रों के युवक आए दिन झगड़े में उलझ रहे थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *