शीशी पंचायत के मुखिया पर कार्रवाई की अनुशंसा की गई

भास्कर न्यूज | लातेहार मनरेगा से जुड़ी सरकारी राशि के कथित गबन मामले में सदर प्रखंड के शीशी पंचायत के मुखिया विजय उरांव पर बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है। सदर बीडीओ मनोज कुमार तिवारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मनरेगा मद से मिली राशि के दुरुपयोग के आरोप में मुखिया से स्पष्टीकरण मांगा था। निर्धारित समयावधि में जवाब नहीं मिलने पर बीडीओ ने पंचायती राज विभाग और उपायुक्त को कार्रवाई की अनुशंसा भेज दी। इस संबंध में पंचायती राज पदाधिकारी श्रेयांश कुमार ने बताया कि बीडीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर फाइल उच्च पदाधिकारियों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। अंतिम निर्णय वरीय स्तर पर लिया जाएगा। वहीं, मुखिया विजय उरांव ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे विभागीय त्रुटि बताया। उन्होंने कहा कि रोजगार सेवक, पंचायत सेवक, जेई और एई द्वारा सत्यापन के बाद ही फाइल उनके पास अंतिम स्वीकृति के लिए आती है। उनके पास प्रत्येक श्रमिक के भौतिक सत्यापन का समय नहीं होता। इधर, लातेहार मुखिया संघ ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *