शेखावाटी को यमुना का पानी मिलने की पूरी उम्मीद:सीकर को बजट में खाटू बाइपास, रिंग रोड, बॉयज सैनिक स्कूल समेत कई आस

राजस्थान की भजनलाल सरकार आज अपना तीसरा बजट पेश कर रही है। प्रदेश की डिप्टी सीएम व वित्त मंत्री दिया कुमारी बुधवार को सदन में सवा 11 बजे डिजिटल बजट पेश करेंगी। बजट से सीकर के लोगों को काफी उम्मीदें है। वहीं राजनीतिक लिहाज से भी इस बजट को लेकर काफी कंट्रोवर्सी है। एक ओर सीएम भजनलाल शर्मा बजट से पहले सभी भाजपाई विधायकों और विधानसभा प्रत्याशियों से मुलाकात कर संवाद कर चुके हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक कार्यक्रम में दिग्गज भाजपाई राजेंद्र राठौड़ को बड़ा भाई बताकर केबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा से सीकर संभाग को रिस्टोर करने की मांग पूरी करने पर खुद स्वागत करने की बात कही। पढ़िए सीकरवासियों की आपणी सरकार से क्या है उम्मीद- नगर निगम सीकर में अभी 65 वार्ड हैं। जनसंख्या बढ़ने के कारण वार्ड भी बढ़ेंगे। अब शहरवासियों को निकाय इकाई नगर परिषद के नगर निगम में अपग्रेड होने की उम्मीद है। नगर निगम बनने से सीकर के बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर में विकास की गति बढ़ेगी। पेयजल सीकर समेत शेखावाटी को इस बार यमुना जल का पानी मिलने की पूरी उम्मीद है। बजट सत्र की शुरुआत में राज्यपाल के अभिभाषण में भी यमुना जल की डीपीआर की चर्चा हुई। ऐसे में फ्लोराइड की समस्या से जूझ रहे सीकर, चुरु और झुंझुनूं के बाशिंदों को राहत मिलने की पूरी आस है। वहीं, नीमकाथाना इलाके में कुंभाराम लिफ्ट परियोजना से जल मिलने की भी उम्मीद है। खाटू बाइपास स्टेट हाईवे-112 (नेशनल हाईवे मंढा मोड़ से खाटू-लामिया-पचार) व स्टेट हाईवे-113 (कुचामन-खाटू-रींगस) खाटू कस्बे से होकर गुजरता है। ऐसे में खाटू कस्बे में हर समय जाम लगा रहता है, लाखों श्रद्धालु प्रभावित होते हैं। इसलिए पीडब्लूडी ने चौमूं पुरोहितान से आभावास बॉर्डर होते हुए लामियां तक बाईपास का प्रस्ताव भेजा है। ये बाइपास बनने से खाटू कस्बे को जाम से मुक्ति मिल जाएगी। रिंग रोड सीकर शहर में जाम की समस्या नासूर बन गई है। मुख्य कारण है कि पिपराली रोड से फतेहपुर रोड, फतेहपुर रोड से झुंझुनूं रोड व जयपुर रोड और पिपराली रोड से सालासर व नागौर-जोधपुर जाने के लिए लोगों को शहर से होकर गुजरना पड़ता है। फतेहपुर रोड से झुंझुनूं रोड, पिपराली रोड हाेते हुए जयपुर रोड होते हुए रिंग रोड बने तो सीकर को जाम की बड़ी समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। एज्युकेशन सिटी सीकर शहर की नवलगढ़ रोड और पिपराली रोड पर कोचिंग संस्थाओं की जबर्दस्त भीड़ है। NEET-JEE के 2 लाख से अधिक स्टूडेंट्स हैं, इनके अलावा कंप्टीशन एग्जाम के लाखों अभ्यर्थी भी रह रहे हैं। इस वजह से दोनों रोड पर ट्रैफिक मैनेज और लॉ एंड ऑर्डर कायम करने की प्रॉब्लम बढ़ती जा रही है। हाल ही में सीकर दौरे पर आए प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने भी सीकर में बढ़ते प्रेशर को चिंता जाहिर की और अलग से एज्युकेशन सिटी डवलप करने की जरूरत बताई, जहां खुले एरिया में सभी कोचिंग इंस्टीट्यूट शिफ्ट किए जा सकें। ऐसे में प्रभारी सचिव के कहने के बाद सीकर का ये प्रेशर भी कम होने की उम्मीद है। बॉयज सैनिक स्कूल सीकर के रलावता में गर्ल्स सैनिक स्कूल का भवन निर्माण शुरू हो चुका है। लेकिन बॉयज सैनिक स्कूल की उम्मीद पूरी होनी बाकी है। सीकर समेत शेखावाटी क्षेत्र सैनिकों-शहीदों का इलाका है, सैनिकों और शहीद परिवारों के बेटे अब भी बॉयज सैनिक स्कूल की बाट जोह रहे हैं। एग्रीकल्चर कॉलेज सीकर जिला मुख्यालय पर शिक्षा से जुड़ी हर उच्च शिक्षण संस्थान है, लेकिन एग्रीकल्चर का आज भी अभाव है। जिले में खेती से जुड़ा बड़ा वर्ग है। सीकर के प्याज देशभर में प्रसिद्ध हैं। यहां खेती में कई नवाचार किए जाते हैं और प्रगतिशील किसान भी लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में सीकर में एग्रीकल्चर कॉलेज खुलने से कृषि पर शोध कार्य हो सकेंगे और एग्रीकल्चर से जुड़े स्टूडेंट्स को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सड़कें सीकर जिले के लिए इस बजट में कई सड़कों की घोषणाओं की उम्मीद है। सीकर जिले में मंढा मोड़ से खाटूश्यामजी, लामिया, पचार होते हुए रेनवाल(सीकर बॉर्डर) तक फोरलेन रोड, चितावा से दांता, खाटूश्यामजी होते हुए रींगस तक फोरलेन रोड, शाहपुरा से अजीतगढ़, श्रीमाधोपुर होते हुए जालपाली तक फोरलेन, भढाडर से जीणमाता तक एमडीआर डबल रोड की स्वीकृति की उम्मीद है। इसके अलावा पीडब्लूडी ने कल्याण सर्किल से डाक बंगला तक एडजॉइन फ्लाइओवर तथा पिपराली बाइपास पर टू लेन फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा है। ये आस भी पूरा होने की उम्मीद इनके अलावा भजनलाल सरकार के इस बजट से लक्ष्मणगढ़ में मिनी सचिवालय, श्रीमाधोपुर में उपजिला अस्पताल व सिटी पार्क, काटली नदी में अवैध खनन रोकने के लिए डैम निर्माण, हर्ष पर्वत को टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित करने, निर्माणाधीन नए कोर्ट परिसर में एडवोकेट्स चैंबर खोलने, एम्यूजमेंट पार्क खुलने, फूड कोर्ट की मंजूरी, युवा केंद्र की घोषणा अब धरातल पर उतरने जैसी उम्मीदें भी पूरी होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *