शेयर ट्रेडिंग की ठगी में 4 आरोपी गिरफ्तार:जबलपुर की महिला से 14.16 लाख ठगे, अब इंदौर से पकड़े गए आरोपी

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर महिला से लाखों रुपए की ठगी करने वाले चार आरोपियों को स्टेट साइबर पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर निवेश का लालच दिया और ऑनलाइन धोखाधड़ी की। ठगी की राशि भी बरामद कर ली गई है। रविवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जबलपुर लाया गया और कोर्ट में पेश किया गया। जबलपुर की महिला से 14.16 लाख की ठगी जबलपुर निवासी महिला की सोशल मीडिया के जरिए इंदौर के अनिकेत मात्रे से पहचान हुई थी। महिला व्यवसाय शुरू करना चाहती थी। आरोपी ने शेयर ट्रेडिंग में पैसा लगाकर राशि दोगुनी करने का दावा किया। महिला ने भरोसा कर करीब 14 लाख 16 हजार रुपए निवेश कर दिए। न लाभ मिला, न संपर्क हो पाया कई महीने बीतने के बाद न तो लाभ मिला और न ही आरोपी का संपर्क हुआ। इसके बाद महिला ने स्टेट साइबर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। स्टेट साइबर सेल निरीक्षक नीलेश अहिरवार की जांच में सामने आया कि अनिकेत मात्रे ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की थी। इंदौर से चार आरोपी गिरफ्तार पुलिस टीम ने इंदौर से अनिकेत मात्रे, अभिषेक मात्रे, दयानंद मांझी, अक्षय मंडलिक और मिथुन जाटव को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी इंदौर के निवासी हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी समूह बनाकर विशेष रूप से महिलाओं को ठगी का लक्ष्य बनाते थे। निरीक्षक नीलेश अहिरवार ने बताया कि पूछताछ के दौरान अन्य ठगी के मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *