भास्कर न्यूज | महासमुंद महासमुंद के श्री राम उच्चतर प्राथमिक शाला के छात्र-छात्राओं को बुधवार को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, जंगल सफारी, पुरखौती मुक्तांगन, चंद्रखुरी माता कौशल्या मंदिर का भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण में शाला के शिक्षक स्टाफ के साथ कुल 70 बच्चों ने भाग लिया। भ्रमण में बच्चों ने शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को देखकर उससे संबंधित जानकारी एकत्र किया। जंगल सफारी के खुले वातावरण में शेर, भालू, बाघ, हिरण, बारासिंघा, नीलगाय, मोर को करीब से देखकर बच्चे उत्साहित हुए साथ ही जू में विभिन्न प्रकार के जीव जंतुओं के बारे में जानकारी ली। पुरखौती मुक्तांगन में बने छत्तीसगढ़ की विभिन्न कलाकृतियां, संस्कृति, धरोहर को देखा और समझा। ग्राम चंदखुरी में कौशल्या माता मंदिर का दर्शन कर बच्चों ने भगवान श्री राम के ननिहाल के बारे में उत्सुकता से जाना इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को छत्तीसगढ़ की धरोहर व संस्कृति का अध्ययन कराने के साथ-साथ प्राकृतिक अध्ययन कराना था।