शॉर्ट सर्किट से घुमार मंडी में भीषण आग से शोरूम खाक, 2 दुकानें बचाईं

घुमार मंडी मार्केट में शुक्रवार रात 8:30 बजे के करीब कपड़ों के एक शोरूम में भीषण आग लग गई।‌ आग इतनी ज्यादा भयानक थी कि सिर्फ 10 मिनट के भीतर ही उसने अपने पास की दो अन्य दुकानों को भी चपेट में ले लिया। लेकिन विभिन्न इलाकों से घटनास्थल पर भेजी गईं 9 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के जरिये तीन घंटे की कड़ी मशक्कत से आग को फैलने से रोक लिया गया। जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले बलवीर सिल्क स्टोर में लगी, जब तक कुछ समझ में आता आग कुछ ही मिनट में जी.के डिजिटल (घड़ियों की दुकान) और अशोक एम्पोरियम तक फैल गई। बलवीर सिल्क स्टोर पूरी तरह से जलकर राख हो गया। जबकि बाकी के दोनों दुकानों को भारी नुकसान होने से बचा लिया गया। दमकल विभाग के फायर कर्मचारी राजेंद्र के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि देर रात लगी आग शॉर्ट सर्किट की वजह से फैली है। वहीं दुकान मालिकों का कहना है कि आग लगने से दुकान के भीतर रखा करीब एक करोड़ की कीमत का सामान जल कर राख हो गया। “आग को ऊपर फैलने से रोकना था बड़ा टास्क, जनरेटर ब्लास्ट से बचाए “हमारी टीम को 9:52 बजे जानकारी मिली थी कि घुमार मंडी में एक कपड़ों की दुकान में आग लग गई है। शुरुआत में हमारी टीम दो गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन हमारी टीम के पहुंचने से पहले ही आग इतनी ज्यादा बढ़ चुकी थी कि उस समय आग पर काबू पाने के लिए और गाड़ियों की जरूरत थीं। इसलिए टीम ने गिल रोड फायर स्टेशन, हैबोवाल फायर स्टेशन, रेलवे रोड फायर स्टेशन से पानी की और गाड़ियों को मौके पर राहत कार्य के लिए बुलाया। सबसे पहले हमने बलवीर सिल्क स्टोर की आग पर काबू पाया, क्योंकि हमें जानकारी मिली थी कि जी.के डिजिटल स्टोर और बलवीर सिल्क स्टोर के ऊपर दो जनरेटर रखे हुए हैं। जिनमें फ्यूल भी भरा हुआ है। इस वजह से वहां की आग को बुझाना हमारी पहली प्राथमिकता थी। क्योंकि अगर आग जेनरेटरों तक पहुंच जाती तो ब्लास्ट भी हो सकता था। शुरुआत का एक घंटा हमने आग को ऊपर फैलने से रोका। इसके बाद रात 11:30 तक हमने लगभग सारी आग पर काबू पा लिया। फिर हमारी टीम के मेंबर छतों के ऊपर गए और जनरेटर पर आग को बुझाया। अन्य दुकानों का बचाव हो गया।” – जैसा राजिंदर कुमार (फायर कर्मचारी) ने भास्कर को बताया

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *