भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा श्री श्याम सेवा समिति श्याम मंदिर काशीपुरी धाम में शनिवार से श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव-2025 का शुभारंभ अखंड ज्योत पाठ के साथ हुआ। कोलकाता, बैंगलोर आदि जगह से पहुंचे कलाकारों ने बाबा श्याम का फूलों से मनमाहक श्रृंगार किया। दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दूसरे दिन रविवार को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। सोमवार को बैंडबाजे के साथ लक्ष्मीनारायण मंदिर से निशान यात्रा निकाली जाएगी। श्याम भक्तों के लिए अखंड ज्योत पाठ का विशेष महत्व है, यह अखंड श्रद्धा, भक्ति और विश्वास का प्रतीक माना जाता है, जिससे उन्हें ऊर्जा और बाबा श्याम की कृपा प्राप्त होती है। अनुष्ठान में हरिराम शर्मा, राजेंद्र शर्मा, सतीश महेश्वरी, ओमप्रकाश शारदा, गोपाल अग्रवाल, निमेष असावा ने जजमान के रूप में अपनी श्रद्धा अर्पित की। पंडित रूपेंद्र शुक्ला एवं रवि कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना कराई। श्री श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से यह महोत्सव भव्यता से संपन्न होगा। दूसरे दिन रविवार सुबह 9 से शाम 5 बजे तक रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान जीवन बचाने का पुण्य कार्य है। अखंड ज्योत कार्यक्रम में कई महिलाओं ने भी भाग लेकर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन व सेवा कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 10 मार्च को दोपहर में निशान यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें कई श्रद्धालु बाबा श्याम का निशान लेकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए मंदिर पहुंचेंगे। इसी दिन शाम को भजन संध्या होगी। भजन गायक भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। श्री श्याम सेवा समिति काशीपुरी धाम के कार्यकर्ता राघव, आकाश, अभिषेक, रमन, चिराग, अक्षत, मोहित, प्रदीप, राजपाल, टोनी, बिजेंदर, विवेक, विपिन, राहुल, हरीश, पुनीत, दुर्गाप्रसाद, नितिन, सुरेंद्र, कैलाश, सुशील, यज्ञनारायण, कन्हैयालाल सहित कई कार्यकर्ता तन-मन से जुटे हुए हैं।


