श्योपुर जिले के श्री जी की गांवड़ी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। विद्यालय परिसर के बाहर बने किचन शेड की छत अचानक गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, यह किचन शेड पिछले दो वर्षों से जर्जर अवस्था में था और लंबे समय से इसका उपयोग भी नहीं हो रहा था। इसकी खराब हालत के बावजूद शेड को हटाने या मरम्मत करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। छत गिरने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य बाबूलाल बिसरिया ने बताया कि घटना के समय स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं और सभी बच्चे अपनी कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किचन शेड स्कूल भवन से अलग बाहर की ओर बना हुआ है, जिसके कारण कोई भी बच्चा या शिक्षक इसकी चपेट में नहीं आया। घटना के बाद ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर भवनों का समय रहते निरीक्षण कर उन्हें सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। फिलहाल, मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। स्कूल परिसर में मौजूद अन्य जर्जर संरचनाओं की भी जांच की मांग उठ रही है।


