श्योपुर में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। एसपी वीरेंद्र जैन के नेतृत्व में प्रदेश स्तरीय ‘सेफ क्लिक अभियान’ के तहत सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय समेत कई स्कूलों में कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में एसपी वीरेंद्र जैन ने छात्रों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचने के गुर सिखाए। उन्होंने एनिमेटेड वीडियो के माध्यम से साइबर अपराधियों के अपनाई जाने वाली विभिन्न धोखाधड़ी की तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही असुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल के खतरनाक परिणामों से भी अवगत कराया। श्योपुर और विजयपुर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में हुए इस जागरूकता अभियान में महिला सुरक्षा पर ध्यान दिया गया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विजयपुर में चित्रकला प्रतियोगिता और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां हुई। एसपी जैन ने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि वे न केवल खुद सुरक्षित इंटरनेट का इस्तेमाल करें, बल्कि दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने साइबर अपराधों से जुड़ी वास्तविक घटनाओं के उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे सतर्कता बरतकर इन अपराधों से बचा जा सकता है।


