भास्कर न्यूज | दुमका राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2025 की तैयारी को लेकर बासुकीनाथ मंदिर स्थित सभागार में बैठक हुई। अध्यक्षता उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने की। उन्होंने कहा कि मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसकी पूरी व्यवस्था की जाए। जलार्पण के लिए आने वाले श्रद्धालु आसानी से मंदिर पहुंचें, इसके लिए रुटलाइन पर बैरिकेडिंग मजबूत हो। सभी जरूरी स्थानों को चिन्हित कर लिया जाए। उपायुक्त ने कहा कि मंदिर और शिवगंगा की सफाई पूरे मेला अवधि में बनी रहे। इसके लिए निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए। मंदिर क्षेत्र में विद्युत वायरिंग दुरुस्त हो। मेला क्षेत्र में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था रहे। दंडाधिकारियों को अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण दिया जाए।उन्होंने कहा कि जलार्पण काउंटर को बेहतर ढंग से बनाया जाए। श्रद्धालुओं को जलार्पण में कोई कठिनाई न हो।


