भास्कर न्यूज | कवर्धा राज्य सरकार के एक साल पूर्ण होने पर निर्माणी श्रमिकों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। ऐसे निर्माणी श्रमिक जो कि पंजीकृत नहीं है, लेकिन कार्यस्थल पर दुर्घटना से मौत हो जाती है तो उनके आश्रितों को एक लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। ऐसे निर्माणी श्रमिक जो कि छग भवन व अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत क्षेत्रों में कार्य करते हैं, लेकिन किसी कारणवश पंजीयन नहीं हो पाया होता है। इसी बीच कार्यस्थल पर मृत्यु होने पर श्रमिक के आश्रितों को किसी तरह की आर्थिक सहायता राशि नहीं मिल पाती थी। श्रमिकों की इन परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु व दिव्यांग सहायता योजना की अधिसूचना में आंशिक संशोधन करने जा रही है।


