भास्कर न्यूज| रायगड़ा देशभर के श्रमिकों की लंबित समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए भारतीय मजदूर संघ ने 25 फरवरी को पूरे देश में प्रदर्शन दिवस मनाया। इसी क्रम में रायगड़ा जिला इकाई ने सुबह 10:30 बजे मां काली मंदिर से एक रैली निकाली जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंची। वहां श्रमिकों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर प्रशासन को मांग पत्र सौंपा। जिला सचिव गणेश कुमार साहू ने बताया कि प्रमुख मांगों में श्रम कानूनों का सख्ती से पालन, संशोधन, स्कीम वर्करों के मानदेय में वृद्धि, न्यूनतम पेंशन 1000 रुपये से बढ़ाकर 7500 रुपये करना, बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना तथा सहित अन्य शामिल है। इसके अतिरिक्त बोनस सीमा बढ़ाने, लंबित वेतन का भुगतान करने और संविदा व स्कीम श्रमिकों को नियमित करने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने प्रशासन के माध्यम से सरकार से आग्रह किया कि श्रमिकों की इन न्यायोचित मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। इस मौके पर राज्य स्तर से योगेश्वर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जयंती पद्मालय साहू, उषा रानी दास, ममता बिश्वाल, गीतांजलि हिआल, सुरेश साहू, तमाल साहूकार, निरंजन सेनापति और सुंदर राव कडाराका सहित अन्य मौजूद थे।


