भास्कर न्यूज| महासमुंद जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जन चौपाल में मंगलवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के दूर-दराज से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने प्राप्त 60 आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर निराकरण के कड़े निर्देश दिए। जन चौपाल में ग्राम पीढ़ी निवासी मालती साहनी के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई। आवेदिका ने आर्थिक सहायता के लिए कलेक्टर को आवेदन सौंपा था। कलेक्टर के निर्देश पर श्रम विभाग द्वारा तत्काल की गई जांच में पाया गया कि आवेदिका का मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत आवेदन पहले ही स्वीकृत हो चुका है। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि आगामी 19 फरवरी को आरटीजीएस के माध्यम से 1,00,000 रुपए की सहायता राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में अंतरित कर दी जाए। जन चौपाल में बुनियादी सुविधाओं, राजस्व और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रमुख रहे। ग्राम कनेकेरा के ग्रामीणों ने पेयजल संकट की समस्या रखी, वहीं ग्राम सिंहरूपाली के गोपाल दीवान ने सामुदायिक भवन निर्माण की रुकी हुई मजदूरी राशि के भुगतान की मांग की। ग्राम मुंधा की कलावती पटेल ने वन भूमि पर अधिभोग का हक दिलाने और कोसरंगी निवासी किसलाल ने मुख्यमंत्री संजीवनी कोष से इलाज के लिए गुहार लगाई। राशन कार्ड जारी करने, श्रम पंजीयन में संशोधन, पीएम आवास, शौचालय निर्माण, फौती, सीमांकन और अवैध अतिक्रमण हटाने जैसे विषयों पर भी आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट किया कि आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को तत्काल शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


