श्रीगंगानगर में गणतंत्र दिवस पर 106 सम्मानित:10 संस्थाओं को मिले प्रशंसा पत्र; बेटी को गोद में लेकर बैठीं एसपी

देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर मुख्य समारोह सोमवार सुबह डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित हुआ। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने मुख्य अतिथि के रूप में सुबह 9:05 बजे ध्वजारोहण किया। समारोह में 106 अधिकारी, कर्मचारी, होनहार विद्यार्थी और खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, शिक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन और खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही 10 संस्थाओं और समाजसेवियों को भी प्रशंसा पत्र दिए गए। ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण और मार्च पास्ट की सलामी हुई। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) द्वारा महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया गया। इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक व्यायाम प्रदर्शन और देशभक्ति प्रस्तुतियां दी गई। इसके बाद स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध में शहीदों की वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पारितोषिक वितरण किया गया। दक्ष परेड में राजस्थान शस्त्र ने प्रथम, राजस्थान पुलिस महिला की टुकड़ी ने द्वितीय एवं राजस्थान पुलिस की टुकड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, अदक्ष परेड में एनसीसी सीनियर डिविजन छात्र प्रथम, एनसीसी सीनियर डिविजन छात्रा दूसरा और हिन्दुस्तान गाइड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार झांकी प्रदर्शन में यातायात पुलिस प्रथम, कृषि विभाग द्वितीय और नागरिक सुरक्षा विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *