श्रीगंगानगर में हनुमानगढ़ हाइवे पर स्थित रिद्धि-सिद्धि फर्स्ट की वीआईपी कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी करने का मामला सामने आया है। स्कूटी सवार चोर व्यापारी के घर से पोर्च में रखा गेहूं से भरा कट्टा उठाकर ले गया। वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना शुक्रवार शाम 6:30 बजे की है। सीसीटीवी वीडियो में आरोपी बिल्कुल बेफिक्र नजर आ रहा है। चोर ने स्कूटी पार्क की, आराम से कट्टा उठाया और बिना किसी घबराहट के मौके से फरार हो गया। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि यह शातिर चोर पहले भी इलाके की रेकी कर चुका होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि संदिग्ध व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से कॉलोनी में घूमता हुआ दिखाई दे रहा था। व्यापारी गोपाल तायल और कॉलोनीवासियों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।


