श्रीगंगानगर में नेशनल हाइवे पर 3 कारों का एक्सीडेंट:एक-दूसरे को ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा, रेलवे पुलिस के दो कॉन्स्टेबल घायल

श्रीगंगानगर में नेशनल हाईवे-62 पर सोमवार सुबह तेज स्पीड और ओवरटेक की होड़ ने तीन गाड़ियों को हादसे की चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में दो रेलवे पुलिस के जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। जानकारी के अनुसार- सुबह करीब 11 बजे श्रीगंगानगर से सूरतगढ़ की ओर जा रही तीन तेज स्पीड गाड़ियां एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थीं। सबसे आगे टोयोटा रूमियन चल रही थी, उसके पीछे मारुति स्विफ्ट और सबसे पीछे महिंद्रा एक्सयूवी थी। महिंद्रा एक्सयूवी में रेलवे पुलिस फोर्स के दो कांस्टेबल सवार थे। गांव ताखरावाली के पास स्विफ्ट कार ने आगे चल रही टोयोटा को ओवरटेक करने की कोशिश की। ठीक उसी समय पीछे से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी ने भी स्विफ्ट को ओवरटेक कर लिया। महिंद्रा के ओवरटेक करते ही टोयोटा के ड्राइवर ने घबराहट में गाड़ी सड़क के नीचे उतार दी। इससे डरकर स्विफ्ट कार के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक मार दिया और कार पलट गई। पीछे आ रही महिंद्रा एक्सयूवी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में महिंद्रा एक्सयूवी में सवार दोनों रेलवे पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत श्रीगंगानगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अन्य गाड़ियों में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही लालगढ़ जाटान थाना प्रभारी गुरमेल सिंह बराड़ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेकिंग और तेज रफ्तार को मुख्य वजह बताया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *