कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू को ‘गद्दार’ कहे जाने का मामला तूल पकड़ रहा है। राहुल गांधी के इस विवादित बयान के विरोध में गुरुवार को श्रीगंगानगर में भाजपा ने विरोध-प्रदर्शन किया और राहुल गांधी का पुतला फूंका। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ सुखाड़िया सर्किल स्थित भारत माता चौक जमकर नारेबाजी की। श्रीगंगानगर देहात मंडल अध्यक्ष बलविंद्र सिंह ने कहा- राहुल गांधी का यह बयान बेहद शर्मनाक और आपत्तिजनक है। राहुल गांधी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता होने के नाते जो गरिमा दिखानी चाहिए थी, उसके उलट उन्होंने एक केंद्रीय मंत्री को ‘गद्दार दोस्त’ कहकर न केवल व्यक्तिगत हमला किया, बल्कि सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया। यह बयान सियासी स्तर से नीचे गिरकर व्यक्तिगत स्तर पर आ गया है। रवनीत सिंह बिट्टू एक सम्मानित सिख नेता हैं। जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा जॉइन की, लेकिन राहुल गांधी का यह तंज पूरी तरह अस्वीकार्य है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि राहुल गांधी को तत्काल माफी मांगनी चाहिए, वरना पार्टी आगे भी ऐसे विरोध-प्रदर्शन जारी रखेगी।


