श्रीगंगानगर जिले के रावला मंडी में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई करने के मामले में 2 वनकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। मामला ग्राम पंचायत 10 KD के 30 एएस क्षेत्र का है। आरोप है कि यहां वन विभाग के कर्मचारियों ने घासफूस की कटाई की आड़ में हरे पेड़ों की अवैध कटाई करा दी थी। इसके बाद 4 दिन से पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय लोग तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठे थे। मंगलवार को वन विभाग ने दो कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सोमवार शाम को प्रशासन को चेतावनी दी थी कि क्षेत्रीय वन अधिकारी समेत दोषी वनकर्मियों को निलंबित किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा था कि निलंबन नहीं हुआ तो बीकानेर से खेजड़ी बचाओ आंदोलन के लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन तेज करेंगे। इसके बाद मंगलवार शाम को ADM अशोक सागंवा, DFO राकेश दुलार सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और धरनार्थियों से लंबी वार्ता की। आखिरकार सहमति बनी और वनपाल लक्ष्मीनारायण मीणा व वनरक्षक श्रवण सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इन मांगों पर बनी सहमति प्रशासनिक आश्वासन मिलने के बाद धरने पर बैठे पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।


