श्रीगंगानगर में पदमपुर-श्रीगंगानगर स्टेट हाईवे पर स्थित 18 बीबी में बने टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि टोल बूथ का समय 4 मार्च को पूरा हो रहा है। अगर टोल नहीं हटाया गया तो 5 मार्च को टोल पर चक्काजाम किया जाएगा। लोगों का आरोप है कि 18 बीबी टोल नाके की निर्धारित अवधि काफी पहले खत्म हो चुकी है, लेकिन टोल संग्रहण अब भी जारी है। टोलकर्मी मनमाने ढंग से दरें बढ़ा रहे हैं और वाहन चालकों से भारी टोल वसूल रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट की नौबत तक आ जाती है। कई बार प्रदर्शन और शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछली बार प्रशासन ने कहा था कि 4 मार्च को टोल की अवधि पूरी होने के बाद इसे बंद कर दिया जाएगा। लेकिन अब समय नजदीक आते ही कोई कार्रवाई नजर नहीं आ रही। टोल संघर्ष समिति के सदस्यों ने महापंचायत में ऐलान किया कि अगर रात 12 बजे तक टोल बूथ नहीं हटाया गया तो अगले दिन सुबह से अनिश्चितकालीन धरना और चक्काजाम शुरू हो जाएगा, जिससे हजारों यात्रियों को जाम का सामना करना पड़ सकता है।


