राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने आगामी पंचायती राज और निकाय चुनावों को लेकर श्रीगंगानगर के सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री दिलीप चौधरी ने कहा कि 10 मार्च को पार्टी के अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल जिले में बड़ी सभाएं और रैलियां करेंगे। पूर्व मंत्री दिलीप चौधरी (जेतारण) और पूर्व विधायक इंदिरा देवी बावरी (मेड़ता) ने बताया- प्रदेश की जनता कांग्रेस और बीजेपी के राज से परेशान है। आमजन एक सशक्त वैकल्पिक राजनीतिक ताकत की तलाश में है और आरएलपी इसी विकल्प के रूप में उभर रही है। वर्तमान में पार्टी की नीतियां और चुनावी रणनीति को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा और गांव-गांव जाकर पार्टी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है- पार्टी अब पंचायती राज चुनावों को लेकर पूरे जोश में है। हनुमान बेनीवाल ने हाल ही में अपना ‘मास्टर प्लान’ सार्वजनिक किया है, जिसमें उत्तर राजस्थान के किसान-बहुल जिलों पर विशेष फोकस है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जैसे इलाकों में पार्टी की ‘सेनापतियों’ की टीम पहले से ही सक्रिय है, और जल्द ही बेनीवाल खुद मैदान में उतरेंगे।


