श्रीगंगानगर शहर में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सोमवार शाम को पंचायती धर्मशाला में शहरवासियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, डॉग लवर्स व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक जयदीप बिहाणी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा- आवारा कुत्तों की समस्या अब शहर के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। रोजाना लोगों को काटने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में डर का माहौल है। इस समस्या का समाधान सभी को मिलकर निकालना होगा, ताकि शहर सुरक्षित और स्वच्छ रहे। इस दौरान विधायक ने विधायक निधि से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। इन फंड्स से शहर में एक डॉग शेल्टर का निर्माण किया जाएगा। जहां पकड़े गए आवारा कुत्तों को रखा जाएगा। यहां उनकी नसबंदी (स्टरलाइजेशन), वैक्सीनेशन और उचित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में डॉग लवर्स और पशु प्रेमियों की राय भी ली गई, ताकि समस्या का समाधान पूरी तरह मानवीय और वैज्ञानिक तरीके से हो। किसी भी तरह की क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, समाजसेवी महेश पेड़ीवाल को संयोजक बनाते हुए एक विशेष कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी जल्द ही आगे की कार्ययोजना तैयार कर अमल शुरू करेगी।


