अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से बीकानेर में हो रही खेजड़ी की कटाई के विरोध में श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन किया। छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण व खेजड़ी की कटाई रोकने के लिए राजस्थान में कानून बनाकर प्रतिबंध लगाने की मांग की। जिला प्रमुख नीरज बेनीवाल ने कहा- बीकानेर में सोलर प्लांट कंपनियां राज्य वृक्ष खेजड़ी की लगातार कटाई कर अपने उद्योग धंधे शुरू कर रही है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इसका विरोध करता है। राजस्थान का ज्यादातर इलाका डेजर्ट है और यहां पानी की कमी है। राजस्थान में एक ही ऐसा खेजड़ी का वृक्ष है जो इस पानी की कमी पूरी करता है। लेकिन अब सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर उद्योगपति खेजड़ी की अंधाधुंध कटाई की जा रही है। बेनीवाल ने कहा- एक तरफ तो राजस्थान सरकार प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के नाम पर 6 करोड़ पेड़-पौधे लगाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर खेजड़ी की कटाई करवा रही है। यह सरकार के दोहरे चरित्र को दर्शाता है। सरकार के इस दोहरे चरित्र का एबीवीपी विरोध करती है। एबीवीपी की मांग है कि सरकार राजस्थान में खेजड़ी कटाई पर कानून बनाकर प्रतिबंध लगाए। अन्यथा एबीवीपी प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी।


