जोधपुर के श्री औघड़नाथ आश्रम के श्री दिगंबर नागराज पूरी महाराज की शीतल जलधारा तपस्या भांडू गांव में चल रही है। इसके तहत प्रतिदिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त में श्री दिगंबर शीतल जल धारा के साथ तपस्या कर रहे हैं। सनातन संस्कृति के प्रचार प्रसार और उत्थान के उद्देश्य के साथ ये तपस्या की जा रही है। पप्पू सिंह भांडू ने बताया कि श्री दिगंबर सुबह 5 बजे शीतल जलधारा तपस्या कर रहे हैं। अल सुबह श्रद्धालु 108 शीतल जल से भरे घड़ों के साथ गुरुदेव का अभिषेक करते हैं। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि इस तपस्या की पूर्णाहुति 24 दिसंबर को होगी। श्री दिगंबर की शीतल जलधारा तपस्या को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों में भी उत्साह है। बता दें कि इससे पूर्व भीषण गर्मी में 45 दिन की पंच धुनी तपस्या भी महाराज कर चुके हैं। इस बार 7 से 8 डिग्री तापमान के बीच शीतल जलधारा तपस्या कर रहे हैं।


