अमृतसर| श्रीराम आश्रम पब्लिक स्कूल, द मॉल में होली का त्यौहार मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा छठी के विद्यार्थियों ने एक विशेष लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिसके माध्यम से भक्त प्रह्लाद, भगवान शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण की प्रसंगों को दर्शाते हुए होली के ऐतिहासिक व आध्यात्मिक महत्व को समझाया गया। विद्यार्थियों के मनमोहक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान बच्चों ने होली को श्रद्धापूर्वक और केवल ‘इको-फ्रेंडली’ रंगों के साथ मनाने की प्रतिज्ञा ली। विद्यालय के अध्यक्ष बलबीर बजाज ने सभी को बधाई देते हुए त्यौहार को गरिमापूर्ण ढंग से मनाने का संदेश दिया। प्रधानाचार्या डॉ. विनोदिता सांख्यान ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों को मथुरा-वृंदावन की लट्ठमार होली और श्री आनंदपुर साहिब के ऐतिहासिक ‘होला महल्ला’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि होला महल्ला सिखों की वीरता और विरासत का प्रतीक है।


