बीआरएस नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर में चल रहे सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन रविवार को भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के विशेष प्रसंग श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा मंदिर परिसर गोकुल के रूप में नजर आया। जैसे ही भगवान श्री कृष्ण के जन्म की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। वृंदावन से पधारे भागवतोपासक संत गोपराम महाराज ने व्यास पीठ से कथा का रसपान कराते हुए कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है तब-तब भगवान भक्तों की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने अजामिल उपाख्यान और भक्त प्रह्लाद के चरित्र पर प्रकाश डाला। खंभे को फाड़कर प्रकट हुए भगवान नृसिंह का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने समझाया कि ईश्वर कण-कण में विद्यमान है। बस उसे प्रह्लाद जैसे अटूट विश्वास से पुकारने की जरूरत है। कथा का शुभारंभ मुख्य यजमान मनमोहन अग्रवाल, गायत्री अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल एवं निधि अग्रवाल सहित समस्त अग्रवाल परिवार द्वारा व्यास पूजन और पावन आरती के साथ किया गया। इस दौरान मंदिर कमेटी के सुनील शारदा और शमशेर बख्शी विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में सुषमा अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल और ऋचा अग्रवाल ने व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया। कथा के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आज कथा के पांचवें दिन भगवान की बाल लीलाओं और छप्पन भोग के साथ गोवर्धन पूजा का प्रसंग सुनाया जाएगा।


