भास्कर न्यूज | जालंधर श्री चैतन्य महाप्रभु जी के आविर्भाव गौर पूर्णिमा के पावन उपलक्ष्य में श्री चैतन्य महाप्रभु राधा माधव मंदिर (हरि बोल मंदिर) की तरफ से आयोजित छह प्रभातफेरियों की शृंखला के अंतर्गत प्रथम प्रभातफेरी का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह से किया गया। प्रभातफेरी श्री चैतन्य महाप्रभु श्री राधा माधव मंदिर से आरंभ होकर ओल्ड रेलवे रोड, सर्कुलर रोड, भाई दित्त सिंह नगर तथा श्री राम मंदिर, ढन्न मोहल्ला से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। मार्ग में इलाकावासियों ने पुष्पवर्षा कर प्रभातफेरी का स्वागत किया। संकीर्तन का शुभारंभ पुजारी दीनार्ती हरदास प्रभु, केवल कृष्ण, रेवती रमन गुप्ता, राजेश शर्मा, कपिल देव शर्मा, मिंटू कश्यप, मनोज कौशल एवं सुरेश कुमार ने किया। प्रभातफेरी के दौरान ‘गोविंद जय जय गोपाल जय जय’ और हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन करते हुए भक्तगण हाथों में रंग बिरंगे झंडे उठा कर नृत्य करते हुए चल रहे थे। कपिल शर्मा ने कहा कि ‘हरे कृष्ण’ महामंत्र का उच्चारण किसी भी समय किसी भी अवस्था में और किसी भी स्थान पर कर सकते हैं। इस महामंत्र को करने से जीव तमाम प्रकार के पापों से मुक्त होकर भगवान को प्राप्त कर सकता है। यहां अजीत, राकेश कोछड़, अजय अग्रवाल, राजेंद्र लूथरा, चेतन दास, ललित अरोड़ा, अजय अरोड़ा, दीपक बंसल, जतिन बंसल, हेमंत थापर, केशव अग्रवाल, प्रेम चोपड़ा, सूरज कुमार, वैभव शर्मा व अन्य मौजूद रहे।


