श्री दुर्गा माता मंदिर में साप्ताहिक मां की चौकी करवाई, भजनों पर झूमे भक्तजन

भास्कर न्यूज | लुधियाना श्री दुर्गा माता मंदिर में ट्रस्ट द्वारा साप्ताहिक मां की चौकी का भव्य आयोजन किया गया। पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों से गुंजायमान रहा। चौकी की शुरुआत विधिवत पूजन के साथ हुई, जिसके बाद गायक अमृत चहल एंड पार्टी ने मां का गुणगान किया। उन्होंने भावपूर्ण भजनों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है” का गायन किया गया तो श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए। कार्यक्रम के दौरान मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी वीरेन्द्र मितल ने विशेष घोषणा करते हुए बताया कि मंदिर परिसर में आगामी सोमवार 2 मार्च को भव्य होली महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इस अवसर पर ब्रजवासी संकीर्तन मंडल द्वारा विशेष भजन एवं नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इस धार्मिक आयोजन में मंदिर ट्रस्ट की ओर से वीरेन्द्र मितल, अश्विनी जैन, बलबीर गुप्ता, अशोक द्विवेदी और पिंकी मित्तल विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही कुंवर रंजन, अमबुजेश शर्मा, अशोक मित्तल, चरणजीत कपूर, भगत पूरण नैयर, भगत मनजीत, सोनू छिब्बा और मंजू सिक्का सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी। कार्यक्रम के समापन पर मां की आरती की गई और भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *