भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री मुक्तिनारायण धाम वेंकटेश तिरुपति बालाजी मंदिर ग्रीन फिल्ड में 17वां ब्रह्मोत्सव मंगलवार को संपन्न हो गया। मंदिर के प्रधान चरणजीत अग्निहोत्री और चरणजीत भास्कर की अध्यक्षता में संगत के सहयोग से ब्रह्मोत्सव में मंगलवार को 101 ब्राह्मण को ब्रह्म भोज कराया। वहीं दक्षिण भारत से आए विद्वान और पंडित भी प्रस्थान कर गए। मंदिर के पंडितों द्वारा भगवान वेंकटेश्वर, श्रीदेवी, भू देवी और मां महालक्ष्मी की पूजा-अर्चना मंत्रोच्चारण के साथ की। दोपहर 1 बजे सभी ब्राह्मणों को ब्रह्मभोज करवा कर दक्षिणा भेंट की। इसी दौरान मंदिर के सभी ट्रस्टियों ने मिलकर 101 पंडित और ब्राह्मणों की परिक्रमा की। ब्राह्मण ने सभी भक्तों को परिवार की सुख-शांति का आशीर्वाद दिया। इसके बाद भंडारा भी लगाया गया जो शाम तक चला। वहीं रात को हरिनाम संकीर्तन में ठाकुर जी का गुणगान किया। इस मौके पर प्रधान चरणजीत अग्निहोत्री ने बताया कि 4 मार्च को मंदिर में होली उत्सव मनाया जाएगा। इस समारोह में कृष्ण देव अग्निहोत्री, धर्मपाल पाराशर, रवि शर्मा, भारत भूषण गुप्ता, रूपेश गोयनका, रामजी दास, आशु अग्रवाल, कृष्णम, अंश, सर्वज्ञ, राजेश शर्मा लाडी, पंडित जय किशन दास, पं. विजय शास्त्री, पंडित विष्णु समेत कई भक्त मौजूद रहे।


