हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित श्री शिव शक्ति मंदिर त्रिलोकेश्वर धाम में पांच दिवसीय नौ देवी-देवता, प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंगलवार को सुबह 9 बजे देश के विभिन्न तीर्थस्थलों से लाए गए गंगाजल को भरकर कलशयात्रा प्रारंभ की गई। इसमें 1101 महिलाओं ने कलश उठाया। कलश यात्रा श्री शिव शक्ति मंदिर त्रिलोकेश्वर धाम से निकलकर सहजानंद चौक, हाई कोर्ट मंदिर होते हुए हरमू बाजार, पंचमंदिर हरमू में पूजा कर पटेल चौक होते हुए लक्ष्मी प्लाजा, वसंत विहार से वापस मंदिर पहुंची। शाम में विधिवत पूजा कर आरती की गई। बनारस के विद्वान पंडित एनके पुरोहित द्वारा यजमान उपेंद्र कुमार, सीपी सोनी, प्रदीप चौधरी, वीरेंद्र पांडे, गोपाल सिंह, सुबोध कुमार सिंह, मंटू वर्मा, नारायण वर्मा, किरोड़ीमल खेतान की उपस्थिति में महायज्ञ का संकल्प कराया गया। पंडित एनके पुरोहित ने महायज्ञ की महत्व पर बताया कि महायज्ञ सभी श्रद्धालुओं व भक्तों के लिए समृद्धि और खुशहाली की प्राप्ति होगी। पूर्व पार्षद प्रदीप अग्रवाल द्वारा कलशयात्रा में शामिल महिलाओं का स्वागत किया गया। 9 अप्रैल को सुबह 8 बजे वेदी स्थापना, आह्वान पूजन, मंडप स्तंभ पूजन इंद्र छत्र पूजन, आरती, अग्नि स्थापना, परिक्रमा, जलाधिवास, अन्नाधिवास, धृताधिवास और गन्धाधिवास किया जाएगा। 10 अप्रैल को सुबह 8 बजे से आह्वानित वेदी पूजन, मंडप पूजन, कर्मकुटी पूजन, अग्नि होम, आरती, परिक्रमा, पुष्पाधिवास, धुपाधिवास, फलाधिवास किया जाएगा। 11 अप्रैल को आह्वान्ति वेदी पूजन, मंडप पूजन, कर्मकुटी पूजन, अग्नि होम, आरती, परिक्रमा औषध्याधिवास, मिष्ठानाधिवास, द्रव्याधिवास, रथयात्रा नगर भ्रमण, शैयाधिवास होगी। 12 अप्रैल को प्रातः 8 बजे आह्वानित वेदी पूजन, मंडप पूजन, स्तम्भ पूजन, देव प्रतिष्ठा, अग्नि होम देवी देवता, कर्म शिला स्थापना, शिखर स्वप्न, प्रसादोत्सर्ग कर्म, ब्रह्मशिला न्यास, नामांकरण, होम बलिदान पूर्णाहुति विधि आरती, क्षमा किया गया है।


