श्री हरमंदर साहिब के आसपास सफाई प्राथमिकता; डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए बढ़ेंगी गाड़ियां

भास्कर न्यूज | अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर डीसी और नगर निगम कमिश्नर सहित उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। विधायक गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में आ रही सभी समस्याओं का हल निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि सचखंड श्री हरमंदर साहिब में प्रतिदिन लाखों लोग नतमस्तक होने के लिए आते हैं। जिस कारण इन क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और सीवरेज की ओर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नई कंपनी को ठेका अलाट किया गया है। कंपनी द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू कर दिया गया है। इसमें और सुधार लाने के लिए कंपनी द्वारा गाड़ियों और अन्य मशीनरी की संख्या आने वाले दिनों में बढ़ाई जाएगी विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में जिन-जिन इलाकों में सीवरेज की समस्या आ रही है, उन इलाकों में सुपर साक्कर मशीनें लगाकर लगातार डीसिल्टिंग करवाने के अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि खापरखेड़ी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की कैपेसिटी 50 एमएलडी बढ़ाने का कार्य प्रगति अधीन है। सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि जून 2026 तक इस प्रोजेक्ट का कार्य पूरा हो जाएगा। जिससे केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में सीवरेज समस्या का काफी हद तक हल निकल जाएगा। विधायक डॉ. गुप्ता ने डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह से कहा कि रिगो ब्रिज प्रोजेक्ट के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रोजेक्ट के चल रहे कार्यों की मौके पर जाकर समीक्षा भी की जाएगी। इस प्रोजेक्ट का कार्य हर हालत में अक्टूबर 2026 तक पूरा करवा दिया जाए। इसके साथ-साथ विधायक डॉ. गुप्ता ने कैरो मार्केट में चल रहे आधुनिक कार पार्किंग स्टैंड प्रोजेक्ट के बारे में भी विस्तार पूर्वक चर्चा की। विधायक डॉ. गुप्ता ने कहा कि इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए पहले भी समय अवधि बढ़ाई गई है। निगम अधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को जून 2026 में लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *