श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों, माता गुजर कौर और अन्य सिंह-सिंहनियों की शहादत की याद में दस्तार मुकाबले करवाए गए। यह मुकाबले श्री गुरु रामदास सेवक सभा की तरफ से श्री दरबार साहिब स्थित श्री गुरु रामदास जी लंगर हॉल में करवाए गए। “साडा विरसा, साडा परिवार’ थीम पर आधारित इस मुकाबले में 7-14 और 15-22 साल उम्र वर्ग के 100 बच्चों व युवाओं ने हिस्सा लिया और दस्तार सजा कर विरसे के प्रति अपने जुड़ाव और समर्पण को प्रदर्शित किया। संस्था के प्रधान सर्बजीत सिंह और मेंबर हरप्रीत सिंह धुन्ना ने बताया कि समागम में श्री दरबार साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह धंगेड़ा, अकाल पुरख की फौज के मुखी जसविंदर सिंह एडवोकेट खास रूप से शामिल हुए। मुकाबले में विजेता बच्चों को 3,100, 2,100 और 1,100 रुपए के नकद पुरस्कार, शहीदों के चित्र, कप और सर्टिफिकेट भेंट किए गए।
उक्त ने बताया कि उनकी संस्था लंगर हॉल में हर रविवार को सेवा करती है। सेवा में कुछ वालंटियर लंगर तैयार करने, परोसने, बर्तन की सेवा के अलावा सुबह 11 से शाम 3 बजे तक फ्री दस्तार की सिखलाई भी करवाते हैं। उसके अलावा जरूरतमंदों की मदद, लोगों को धर्म और अपने विरसे से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं। सर्बजीत सिंह ने बताया गुरु घर के प्रति समर्पित होने के चलते उन्होंने आज से 21 साल पहले संस्था का गठन किया और सेवा का काम शुरू किया। फिलहाल आज संस्था के साथ 500 से अधिक मेंबर हैं, जो सेवा को अंजाम दे रहे हैं।


