पंजाब के संगरूर जिले में विदेश जाने का सपना पूरा न होने पर एक 22 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। लखमीरवाला गांव के पास जाखल-लुधियाना रेलवे लाइन के पास में उसका शव मिला। मृतक गांव सूलर निवासी हरविंदर सिंह उर्फ हैप्पी विदेश जाने की तैयारी कर रहा था सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हरविंदर ने ट्रेन के नीचे आकर अपनी जान दी। चौकी प्रभारी सर्वजीत सिंह के अनुसार, हरविंदर सिंह विदेश जाना चाहता था। उसने तीन बार वीजा के लिए आवेदन किया था, लेकिन तीनों बार उसकी फाइल अस्वीकृत हो गई। इस कारण वह काफी परेशान रहता था। पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचित किया। मौके पर पहुंचे हरविंदर के पिता गुरतेज सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस ने धारा 194 के तहत कार्रवाई की है।


