भास्कर न्यूज |लुधियाना अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब, मॉडल टाउन एक्सटेंशन में आज संग्रांद के पावन अवसर पर अमृत समय अरदास के साथ कड़ा प्रसाद (देग) काउंटर की औपचारिक शुरुआत की जा रही है। गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य नवप्रीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि संगत की ओर से बार-बार अपील की जा रही थी कि गुरुद्वारा परिसर में कड़ा प्रसाद का स्थायी काउंटर खोला जाए, ताकि श्रद्धालु सहज रूप से प्रसाद प्राप्त कर सकें। संग्रांद के शुभ अवसर को देखते हुए आज से इसकी शुरुआत की जा रही है। कमेटी सदस्य अमरजीत सिंह टिक्का ने कहा कि संगत ने पहले शिकायत की थी कि परिसर में केले बेचने वाले कुछ लोगों द्वारा निम्न गुणवत्ता के फल संगत को दिए जा रहे थे। इसे देखते हुए कमेटी ने सामूहिक निर्णय लिया कि गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा और पवित्रता को ध्यान में रखते हुए अब केले की जगह कड़ा प्रसाद ही संगत लेकर आएगी और यहीं से वितरित किया जाएगा। हरप्रीत सिंह राजधानी और सुखविंदर पाल सिंह सरना ने बताया कि कड़ा प्रसाद काउंटर के संचालन के लिए दो सेवादारों की ड्यूटी लगाई गई है।


