जयपुर के संजय बाजार में लगने वाले हटवाड़े के खिलाफ गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय में व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने अपनी 7 सूत्री मांगों को लेकर निगम कमिश्नर अरुण कुमार हसीजा के साथ बैठक की। इसमें सभी मांगों पर सहमति बनने के बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। इसके बाद अब अगले सप्ताह से संजय बाजार में लगने वाले हटवाड़े में नगर निगम प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाकर दुकानों की नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दरअसल, संजय बाजार में अवैध हटवाड़े के खिलाफ पिछले लंबे वक्त से स्थानीय व्यापारी विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। 7 दिन पहले व्यापारियों ने 12 दिसंबर के दिन नगर निगम मुख्यालय में धरने की चेतावनी दी थी। जिसके बाद आज बड़ी संख्या में व्यापारी धरना देने पहुंचे। लेकिन इस दौरान नगर निगम कमिश्नर ने व्यापारियों से बातचीत कर उनकी सभी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दे दिया। इसके बाद व्यापारियों ने अब नगर निगम प्रशासन को 2 सप्ताह में कार्रवाई शुरू करने का वक्त दिया। इसके साथ ही ऐसा नहीं होने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी। इन मांगों पर बनी सहमति इस दौरान बैठक में नगर निगम कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर, उपायुक्त (सतर्कता), उपायुक्त राजस्व (प्रथम), सुभाष गोयल, अध्यक्ष, जयपुर व्यापार महासंघ, सुरेश सैनी, महामंत्री, हरीश केडिया, कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुरेश लक्षकरी, अध्यक्ष, संजय बाजार व्यापार मण्डल, विष्णु शर्मा महामंत्री, पियूष अग्रवाल मौजूद रहे।


