विदिशा में संत तारण तरण महाराज की 576वीं जयंती बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। जिसमें रक्तदान शिविर और आहार दान का आयोजन किया गया। माधवगंज चौराहे पर तारण जयंती के अवसर पर युवा परिषद ने भोजन प्रसादी वितरण का आयोजन किया। इसके अलावा रक्त दान शिविर पर तारण समाज के लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और रक्तदान किया। डॉक्टर विनय जैन ने बताया कि भगवान महावीर की देशना को जन-जन तक पहुंचाने वाले संत श्रीमद जिन तारण तरण मंडलाचार्य महाराज की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय तारण तरण जैन युवा परिषद ने रक्त दान शिविर और आहार दान का कार्यक्रम रखा। उन्होंने बताया कि रक्त दान करने से दिल की सेहत में सुधार, दिल की बीमारियों और स्ट्रोक के खतरे कम होते है। खून में आयरन की ज्यादा मात्रा दिल के दौरे के खतरे को बढ़ा सकती है। नियमित रूप से रक्तदान करने से आयरन की अतिरिक्त मात्रा नियंत्रित हो जाती है, जो दिल की सेहत के लिए अच्छी है। लोगों ने 40 यूनिट रक्त दान किया उन्होंने बताया कि कई बार मरीजों के शरीर में खून की मात्रा इतनी कम हो जाती है कि उन्हें किसी और व्यक्ति से ब्लड लेने की आवश्यकता पड़ जाती है। ऐसी ही इमरजेंसी स्थिति में खून की आपूर्ति के लिए लोगों को रक्तदान करने के लिए आगे आना चाहिए। इससे जरूरतमंदों की मदद हो सकेगी। आज रक्तदान शिविर में लगभग 40 यूनिट रक्त इकट्ठा हुआ, जो जरूरतमंदों के काम आएगा।


