संत रविशंकर महाराज ने की तीन बड़ी घोषणाएं:1000 शिवलिंग मंदिर, अन्नपूर्णा रसोई और 10 बिस्तरों का अस्पताल बनेगा

टीकमगढ़ के मात्र धाम छिपरी में चल रहे महाशिवरात्रि महोत्सव का समापन हो गया। अंतिम दिन इंडियन आइडल फेम पवनदीप राजन ने अपनी टीम के साथ प्रस्तुति दी। इस अवसर पर संत श्री रविशंकर महाराज ने तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में जतारा विधायक हरिशंकर खटीक और टीकमगढ़ के पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। संत श्री रविशंकर महाराज ने बताया कि मां शारदा पहाड़ी पर 1000 शिवलिंग का भव्य मंदिर बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, भक्तों के लिए अन्नपूर्णा रसोई का निर्माण होगा और 10 बिस्तरों वाले अस्पताल का भी निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने जतारा विधायक हरिशंकर खटीक से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए संदीपनी स्कूल के निर्माण का आग्रह किया। महाराज ने कहा कि स्कूल की बिल्डिंग और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर होनी चाहिए, ताकि ग्रामीण बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर न जाना पड़े। कार्यक्रम में जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने नदी तालाब जोड़ो योजना के तहत दूसरे चरण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जामनी नदी का पानी बराना तालाब तक लाया जाएगा। इसके लिए राशि स्वीकृत हो गई है और टेंडर भी जारी हो गया है। विधायक खटीक ने कहा कि नहर निर्माण का काम जल्द शुरू होगा, जिससे बराना तालाब में साल भर पर्याप्त पानी रहेगा। रविवार देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सात दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का समापन किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *