संभल पर ओवैसी का तंज…पुलिस चौकी के लिए पैसे हैं:सरकार स्कूल-अस्पताल नहीं खुलवा सकती; मुस्लिम इलाकों में सबसे कम सरकारी सुविधाएं

संभल में शाही जामा मस्जिद के बगल में पुलिस चौकी बनेगी। इसका नाम सत्यव्रत पुलिस चौकी रखा गया है। शनिवार सुबह 11 बजे ASP श्रीश्चंद्र और CO अनुज चौधरी ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया। आचार्य पं. शोभित शास्त्री ने 40 मिनट तक पूजा करवाई। इसके कुछ देर बाद नींव भरने का काम शुरू कर दिया गया। वहीं संभल में पुलिस चौकी के लिए भूमि पूजन के बाद AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी सरकार पर सवाल उठाए। ओवैसी ने X पर लिखा- संभल की जामा मस्जिद के सामने पुलिस चौकी बनाई जा रही है। मुल्क के किसी भी कोने में चले जाइए, वहां की सरकार ना तो स्कूल खुलवाती है, ना अस्पताल। अगर कुछ बनाया जाता है, तो वो है पुलिस चौकी और शराब खाने। सरकार के पास किसी और चीज के लिए पैसे नहीं होते, बस पुलिस चौकी और शराब खाने के लिए पैसे होते हैं। डेटा खुद ये कहता है कि मुसलमानों के इलाकों में सबसे कम सरकारी सुविधाएं दी जाती हैं। इधर, संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और उनके पिता ममलुकुर्रहमान को जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपी ने घर में घुसकर कहा- सांसद और उनके पिता ने बहुत परेशान किया। वह उनकी जान ले लेगा। संभल के चंदौसी में आर्कियोलॉजिक सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) के सर्वे के दौरान मिली बावड़ी की खुदाई 8वें दिन भी जारी है। शनिवार को एक बार फिर ASI की 3 सदस्यीय टीम बावड़ी का सर्वे करने पहुंची। अब तक खुदाई में 16 सीढ़ियां निकलकर सामने आई हैं। सीमेंट के खंभे भी मिले हैं। ASI मेरठ के सर्किल इंचार्ज विनोद सिंह रावत ने कहा- पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ऐसी कई बावड़ियां हैं। उन सभी की संरचना एक जैसी है। उधर, ASP श्रीश चंद्र ने कहा- संभल में हिंसा की घटना के बाद अभी तक 50 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एक अदनान नाम का व्यक्ति जो वांटेड था, उसे CCTV के आधार पर पहचान कर दिल्ली के बाटला हाउस से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। संभल में 24 नवंबर को हिंसा हुई थी। संभल से जुड़े अपडेट्स के पढ़ने के लिए ब्लॉग से जरूर गुजर जाइए….

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *