संभल के चंदौसी में 150 साल पुरानी बावड़ी की खुदाई का शुक्रवार को 15वां दिन है। बावड़ी में निचले तल की खुदाई का काम ASI ने रुकवा दिया है। यहां से लगातार गैस का रिसाव हो रहा है। बावड़ी के ऊपरी तल पर काम शुरू है। निचले तल पर खुदाई का काम ASI के निर्देश के बाद शुरू कराया जाएगा। वहीं कोतवाली क्षेत्र की शाही जामा मस्जिद में शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा की जाएगी। नमाज को लेकर 3 लेयर में पुलिस बल को तैनात किया गया है। वहीं मस्जिद के सामने सत्यव्रत पुलिस चौकी का लगभग पूरा हो चुका है। छत का लिंटर भी पड़ गया है। नमाज के दौरान वहां लगे सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन कैमरे से क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। जामा मस्जिद के सामने बन रही सत्यव्रत पुलिस चौकी को लेकर किए गए वक्फ नामे के दावे पर डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया एवं एसपी कृष्ण विश्नोई ने कोतवाली संभल में संयुक्त प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि एसडीएम, सीओ और पालिका ईओ ने डॉक्यूमेंट की जांच की है, जो गलत साबित हो रहे हैं। एसपी ने कहा इस मामले में एक केस दर्ज किया जा रहा है। विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस चौकी की दीवारों का निर्माण कार्य पूरा हो गया। बुधवार रात लिंटर भी डाल दिया गया है। पुलिस चौकी निर्माण में 15 मजदूर और 6 राजमिस्त्री लगाए गए है। वहीं 15 लोगों ने शटरिंग के काम को पूरा किया है। यह खबर भी पढ़ें… दावा-संभल जामा मस्जिद में मंदिर के सबूत मिले:45 पन्नों की सर्वे रिपोर्ट दाखिल; 1200 फोटो-वीडियो भी कोर्ट में जमा संभल में शाही जामा मस्जिद की सर्वे रिपोर्ट चंदौसी कोर्ट में दाखिल कर दी गई। गुरुवार को एडवोकेट कमिश्नर रमेश सिंह राघव ने करीब 45 पन्नों की रिपोर्ट सौंपी है। 4.5 घंटे की वीडियोग्राफी और 1200 से अधिक फोटो भी अदालत को दिए गए हैं। सूत्रों का दावा है कि जामा मस्जिद में मंदिर होने के सबूत मिले हैं। मस्जिद में 50 से अधिक फूल, निशान और कलाकृतियां मिली हैं। अंदर 2 वट वृक्ष हैं। हिंदू धर्म में वट वृक्ष की पूजा की जाती है। एक कुआं है, उसका आधा हिस्सा मस्जिद के अंदर और आधा हिस्सा बाहर है। बाहर वाले हिस्से को ढंक दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें


