हम लोगों का चंदौसी सराय में ढाबा था। हाजी शफीक ने रातों-रात ढाबा गिरवा दिया। उसके टूटने से हमें बहुत नुकसान हुआ है। उसी दुकान से हमारा घर चलता था। उसके बाद से अजय परेशान रहने लगा। उसकी मानसिक हालत बिगड़ गई। अजय उस दिन सपा सांसद से मिलने उनके घर गया था। उनके नौकर ने झूठ बोला है कि वो गाली-गलौज कर रहा था। उसको फंसाया गया है। ये कहना है सुनील का। जिसके छोटे भाई अजय ने सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और उनके पिता ममलूकुर्रहमान बर्क को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। गाली-गलौज का भी आरोप लगा। पढ़िए सुनील ने क्या कुछ बताया… हमारे घर में कमाई का कोई साधन नहीं बचा है: सुनील
सुनील बताते हैं, हम लोग दुकान टूटने के बाद बहुत परेशान हैं। अजय ने कई जगह नौकरी ढूंढी लेकिन उसको नहीं मिली। खाली होने की वजह से वो बहुत परेशान रहने लगा। हम लोग अब उधर-इधर काम करके अपना घर चला रहे हैं। पिता जी घर के पास एक मंदिर में बैठ जाते हैं। वहां जो मिलता है, उसी से घर चलता है। बहन की शादी 10 साल पहले हो चुकी है। घर में कमाई का कोई खास साधन बचा नहीं है। सांसद के नौकर ने भाई को फंसाया है: सुनील
सुनील ने बताया, जिस जमीन पर हमारी दुकान बनी थी, उस पर कई लोग अपना दावा करते थे। जब हमारी दुकान तोड़ी गई तो हमने कई जगह शिकायत की। एसपी से भी की लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ। संजय सांख्यधर ने इसमें बैनामा किया था। उन्होंने ही पूरी जमीन को खाली करवा दिया था। हम लोगों के सांसद साहब से अच्छे रिलेशन हैं। मेरा भाई उनको गाली दे ही नहीं सकता। ये सारा काम उनके नौकर का है। उसने ही मेरे भाई को फंसाया है। वो उस दिन सिर्फ सांसद से बात करने गया था। लेकिन वो घर पर नहीं थे, इसी का फायदा उनके नौकर ने उठाया और भाई पर केस दर्ज करवा दिया। मेरा भाई तो पहले से बीमार है। उसके दिमाग का इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने भी बताया है, उसको सदमा लगा है, तभी वो ऐसा हो गया है। अब पढ़िए पूरा मामला… संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और उनके पिता ममलूकुर्रहमान बर्क को अजय ने घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी है। सांसद के घर के केयरटेकर ने थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। केयरटेकर ने पुलिस को बताया- युवक घर में घुसा और सांसद एवं उनके पिता को पूछने लगा जब मना किया कि वह यहां नहीं है। युवक जान से मारने की धमकी देने लगा और गाली-गलौज करता हुआ भाग गया। अजय नखासा क्षेत्र के मौहल्ला दीपा सराय का रहने वाला है। गुरुवार शाम को करीब साढ़े 4 बजे वह सांसद के घर में घुसा था। केयरटेकर कामिल ने बताया, उसने युवक से कहा कि सांसदजी एवं उनके पिता घर पर नहीं है। युवक ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी, जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया। 20 दिसंबर को जमा मस्जिद में घुसने का प्रयास किया था
केयरटेकर कामिल ने थाना नकाशा पुलिस को बताया- इसी युवक ने 20 दिसंबर को जमा मस्जिद में घुसने का प्रयास किया था। पुलिस से कहा गया है कि आरोपी युवक से सांसद और उनके पिता सहित पूरे परिवार को जान का खतरा है। संभल पुलिस ने शनिवार को अजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि युवक ने धमकी देने के आरोप से इनकार किया है। पुलिस ने धारा 170 के शांतिभंग के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए चालान करके उसे कोर्ट में पेश किया। नखासा इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया की धारा 333, 352, 351(2) के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की गई है। ———————————- यह खबर भी पढ़ें- संभल ASP बोले- पूरे इलाके में CCTV लगवाएंगे:पुलिस चौकी जल्दी बन जाएगी; ASI की टीम खुदाई का काम देखने बावड़ी पहुंची आरोपी अजय शर्मा ने बताया कि मैंने कोई धमकी नहीं दी, कौन कहता है मैंने धमकी दी है। हमारे मिलने वाले हैं, दादालाही (पैतृक) संबंध हैं। हम तो जब भी जाते हैं अकेले ही जाते हैं। ममलूक ताऊजी व उनके लड़के घर पर नहीं थे। जो लड़का वहां मिला, उसने कहा कि पंडित जी मैं आपको नहीं बिठा सकता। पता नहीं किसने शिकायत की, हमारी कोई बात ही नहीं हुई। वहां पर उससे मेरी एक घंटा बात हुई है। उन्होंने मुझे वहां बिठाया है, हम क्यों धमकी देंगे? यहां पढ़ें पूरी खबर


