शहर की प्रमुख व्यापारिक संस्था संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए वोटिंग करवाई जा रही है। शहर के रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पंचायती धर्मशाला में हो रही वोटिंग में शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। वोटिंग में 188 वोटर्स भाग लेंगे। संयुक्त व्यापार मंडल के चुनाव को महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके चलते सुबह से पंचायती धर्मशाला परिसर में व्यापारी जुटने लगे थे। वोटिंग शुरू होने के साथ ही व्यापारियों ने उत्साह दिखाया। पंचायती धर्मशाला के फर्स्ट फ्लोर पर बनाए गए पोलिंग बूथ में चुनाव अधिकारी रामगोपाल पांडुसरिया की देखरेख में चुनाव हुए। यहां दो पोलिंग बूथ बनाए गए। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे तक 132 वोटर्स वोट कर चुके थे। प्रत्येक वोटर का आईडी प्रूफ जांचने के बाद उसे वोटिंग के लिए जाने दिया गया। पंचायती धर्मशालाके फर्स्ट फ्लोर की तरफ जाने वाली सीढ़ियों से पहले कैंडिडेट्स के समर्थक अपने कैंडिडेट के समर्थन में मतदाताओं से आग्रह करते नजर आए।
यहां अध्यक्ष पद पर निवर्तमान अध्यक्ष तरसेम गुप्ता का मुकाबला न्यू क्लॉथ मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवनारायण शर्मा से है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राज सुखीजा नीटा के सामने पवन बतरा है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर नरेंद्र चौधरी का माुकाबला प्रवीण धींगड़ा से है। महामंत्री पद पर नरेश सेतिया, अमित चुघ और राकेश शर्मा के बीच मुकाबला है।
चुनाव अधिकारी रामगोपाल पांडुसरिया ने बताया कि चुनाव को लेकर व्यापारियों में उत्साह है। सुबह से बड़ी संख्या में व्यापारी वोटिंग के लिए आए हैं। दोपहर बाद तक परिणाम की घोषणा की जाएगी।