संविदा कर्मियों का दो वर्षों से पीएफ–ईएसआईसी बकाया:अक्टूबर 2025 से वेतन नहीं मिला, कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी

कोटा के 70 एमएलडी वाटर प्लांट, सकतपुरा में कार्यरत ठेकेदार के कर्मचारियों ने वेतन भुगतान और श्रमिक सुविधाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो नियमित वेतन मिल रहा है और न ही वैधानिक सुविधाएं। उनका आरोप है कि अब तक पीएफ और ईएसआईसी की कटौती शुरू नहीं की गई है, जबकि अक्टूबर 2025 से वेतन भी बकाया चल रहा है। इस स्थिति से कर्मचारियों में आक्रोश है और उन्होंने समस्या के समाधान की मांग उठाई है। देवी सिंह ने बताया कि 3 फरवरी 2026 को एक लिखित सूचना पत्र निजी संस्था के एचआर अधिकारी और संबंधित सरकारी विभाग के अधिशासी अभियंता को सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि फरवरी माह के अंत तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से कार्य का बहिष्कार करेंगे। आज 1 मार्च हो गया अभी तक भी वेतन का भुगतान नहीं किया गया। कर्मचारियों ने कहा कि वे इस मामले की सूचना जिला कलेक्टर और श्रम विभाग को भी देंगे और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का सहारा लेने के लिए बाध्य होंगे। कर्मचारियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *