भास्कर न्यूज | जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की अध्यक्षता वाली कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण संबंधी समिति ने किसान सम्मान निधि छह हजार रुपए से बढ़ाकर 12,000 रुपए सालाना करने और कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का नाम कृषि और किसान एवं खेत मजदूर कल्याण विभाग करने की सिफारिश की है। समिति की तरफ से मंत्रालय को जारी पत्र के तहत खेतीबाड़ी बजट अलाटमेंट में बढ़ौतरी करने की मांग करते हुए कहा कि खेतीबाड़ी व किसान भलाई विभाग साल 2021-22 से 2024-25 तक अन्य विभागों के मुकाबले पूर्ण रकम में ज्यादा अलाटमेंट मिली है, लेकिन कई स्कीमों में साल 2020-21 में 3.53 फीसदी से घटकर 2024-25 में 2.54 फीसदी रह गया है, जिसमें सरकार को सुधार करने की जरूरत है। कानून गारंटी के तहत देश भर में फसलों पर एमएसपी को लागू किया जाए। इसके अलावा कमेटी ने सिफारिश करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की तर्ज पर 2 हैक्टेयर तक की जमीन वाले छोटे किसानों को इसका यूनिवर्सल फसल बीमा लाभ मिलना चाहिए। खेत मजदूरों के लिए नेशनल कमिशन फॉर मिनिमम वेज जल्दी से जल्द स्थापित किया जाए। किसानों के कर्ज माफ करने के लिए योजना शुरू की जाए।


