टोंक| भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने शुक्रवार को राजकीय सआदत अस्पताल टोंक में वृद्धजनों के लिए आयोजित रामाश्रय शिविर की शुरुआत की। निवर्तमान जिला प्रमुख सरोज बंसल, संयुक्त निदेशक अजमेर संपत सिंह आदि भी मौजूद रहे। शिविर में कुल 298 वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई साथ ही निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गई। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि इस शिविर के माध्यम से 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओर से जांच, परामर्श एवं निशुल्क दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराईं जाएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार वृद्वजनों को समर्पित, सुगम और सम्मानपूर्वक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए संकल्पित है। रामाश्रय वार्डों ने बुजुर्गों को केवल उपचार ही नहीं, बल्कि सम्मान, भरोसा और मानसिक सुकून भी प्रदान किया है। उपचार के लिए अस्पतालों में बार-बार चक्कर लगाने की मजबूरी अब नहीं रही। बेड पर ही जांच, सैम्पल संग्रह और रिपोर्ट उपलब्ध होने से वृद्धजन निश्चित हुए हैं और अस्पतालों की जटिल प्रक्रियाओं से उन्हें राहत मिली है। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों को समर्पित, सुगम और सम्मानपूर्वक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा है, जो आज व्यवहार में भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। रामाश्रय वार्ड आज केवल एक स्वास्थ्य योजना नहीं, बल्कि बुजुर्गों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक बन चुके हैं। यह पहल साबित करती है कि जब नीति में करुणा जुड़ती है, तो उसका लाभ समाज के सबसे अनुभवी वर्ग तक सम्मान के साथ पहुंचता है। इस मौके पर पीएमओ हनुमान प्रसाद बैरवा, सरोज बंसल, विष्णु शर्मा, तरुण, शंभू शर्मा, कमलेश यादव, सोनू परिड़वाल आदि मौजूद रहे।


