छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने घर से शराब बेचने वाले शख्स को गिरफ्तार किया है। साथ ही मौके से 6 लीटर महुआ शराब जब्त किया गया है। मामला ग्राम सोंठी का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सोंठी का रहने वाला फेकूराम सतनामी (62) घर पर शराब बेचता था। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल ने छद्म खरीददार भेजकर शराब बिक्री की पुष्टि कराई। इसके बाद टीम ने आरोपी के घर में तलाशी ली। शुरुआती जांच में कुछ नहीं मिला, लेकिन घर के पीछे बाथरूम के पास महुआ शराब की गंध आने पर छत की एस्बेस्टस शीट में छिपाकर रखे 24 प्लास्टिक पाउच बरामद किए गए हर पाउच में 250 मिलीलीटर शराब थी, जिससे कुल 6 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। आरोपी को विधिवत किया गया और उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


