सक्षम दिव्यांग विद्यालय के होली मिलन में एकता का दिया संदेश

भास्कर न्यूज | राजिम रंगों के पावन पर्व होली से पूर्व राजिम स्थित सक्षम दिव्यांग आवासीय विद्यालय में उल्लास और उमंग का अनोखा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य ‘होली मिलन समारोह’ ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और पूरे वातावरण को रंगों व संगीत से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक उमेश्वरी ने किया। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक त्यौहार मनाने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन में “सबके साथ मिलकर रहने” की सीख देने का माध्यम है। उन्होंने बच्चों को आपसी प्रेम, सहयोग और एकजुटता का संदेश दिया। इस अवसर पर शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने दिव्यांग बच्चों के साथ रंग खेलकर और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की। बच्चों और युवाओं की साझा सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जो केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उनके आत्मविश्वास और प्रशिक्षण की झलक भी दिखाते रहे। यह आयोजन बच्चों के लिए शिक्षण-प्रशिक्षण का एक सजीव मंच साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्वल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे बच्चों का उत्साह और भी बढ़ गया। प्रधान पाठक उमेश्वरी के कुशल मार्गदर्शन तथा विशेष शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। होली की छुट्टियों पर घर लौटने से पहले बच्चों के चेहरों पर इस उत्सव ने नई ऊर्जा, उमंग और आत्मीयता की रंगीन छाप छोड़ दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *