सड़क के किनारे खड़े ट्रेलर को ट्रक ने ठोंका, एक मौत

महासमुंद| राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लापरवाही पूर्वक खड़े वाहन एक बार फिर जानलेवा साबित हुए हैं। बुधवार सुबह तुमगांव के पास करणीकृपा प्लांट के सामने एक खड़े ट्रेलर से टकराने के कारण ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर चालक द्वारा बिना किसी इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर के वाहन खड़ा करना इस भीषण हादसे की मुख्य वजह बना। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मेघनाथ साहू (33) निवासी ओडिशा के रूप में हुई है। मेघनाथ अपने ट्रक क्रमांक सीजी 04 एचपी 7298) में माल लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। सुबह करीब 6.20 बजे जैसे ही वह तुमगांव क्षेत्र के करणीकृपा प्लांट के पास पहुंचा, वहां सड़क पर खड़े ट्रेलर सीजी 07 सीक्यू 8111 से उसका ट्रक पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मेघनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर चालक ने वाहन खड़ा करते समय न तो इंडिकेटर जलाए थे और न ही पीछे कोई रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत लगाया था। ट्रक चालक खड़े वाहन का अंदाजा नहीं लग सका। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तुमगांव पुलिस ने मामले की जांच के बाद पाया कि दुर्घटना का मुख्य कारण ट्रेलर चालक की घोर लापरवाही थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *