राजधानी की सड़कों को कब्जामुक्त कराने और ट्रैफिक फ्री रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। निगम की टीम प्रहरी प्रमुख सड़कों से कब्जा हटाएगी। वहीं इसकी मॉनिटरिंग निगम के सभी जोन की टीम करेगी। ये टीम देखेगी कि कहीं दोबारा कब्जा तो नहीं हुआ? इस टीम में संबंधित क्षेत्र के थानेदार भी शामिल होंगे। रोजाना ये टीम अपनी रिपोर्ट देगी। दोबारा सड़क पर कब्जा पाए जाने पर जब्ती, जुर्माना और लीगल नोटिस जैसी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, सुगम यातायात के लिए नगर निगम की टीम ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सड़क सीमा पर अवैध कब्जा हटा रही है। दुकानों के बाहर बनाए गए अवैध शेड तोड़े जा रहे हैं और ठेला-टपरी जब्त किया जा रहा है। जिन सड़कों से कब्जा हटाया गया है, वहां दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए अब अलग से जोन स्तर पर निगरानी टीम बनाई गई है। इस टीम में निगम जोन के अधिकारी, थाना और यातायात पुलिस सहित कुल 10 सदस्य शामिल होंगे। इसको लीड टीआई करेंगे। यह टीम क्षेत्र के प्रमुख मार्गों की निगरानी और पहले की गई कार्रवाई स्थल की मॉनिटरिंग करेगी और शाम को इसकी रिपोर्ट निगम मुख्यालय को भेजेगी। 11 फरवरी से अभियान: 6 जोनों में शेड तोड़े, ठेले जब्त अब तक 6 जोन में कार्रवाई इस अभियान की शुरुआत जोन-2 की टीम द्वारा मौदहापारा में शुरू गई थी। 11 फरवरी को चले अभियान में 120 दुकानदारों द्वारा सड़क पर कब्जा कर दुकान लगाई गई थी। इसे 12 ट्रकों में जब्त किया गया था।
12 व 13 फरवरी को जोन 4 की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर मालवीय रोड, बैजनाथपारा, एवरग्रीन चौक, शास्त्री मार्केट में अभियान शुरू किया। इस दौरान 25 शेड तोड़े गए, 50 ठेले जब्त कर 30 हजार का जुर्माना वसूला।
13 फरवरी को निगम मुख्यालय में बैठक हुई। इसमें निगम की 18 सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने, चौराहों को डिजाइन करने और कुछ मार्गों को खोलने पर चर्चा हुई। बैठक में महापौर मीनल चौबे, आयुक्त विश्वदीप, ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
16 फरवरी को जोन- 4 व 5 की टीम ने पुरानी बस्ती, लाखे नगर, सुंदर नगर व पंडरी मार्ग में अभियान चलाया। 25 ठेले जब्त कर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से 37 हजार का जुर्माना वसूला।
17 फरवरी को जोन- 6 व 10 की टीम ने संतोषी नगर मार्ग, पचपेड़ी नाका, बोरियाखुर्द क्षेत्र में अभियान चलाया। सड़क सीमा से बाहर 73 दुकानदारों द्वारा बनाए गए शेड को तोड़ा गया। साथ ही 12 हजार का जुर्माना वसूला।
20 फरवरी को जोन 3 टीम ने शंकर नगर से खम्हारडीह मार्ग होते हुए अवंति विहार मुख्य मार्ग तक सड़क को कब्जामुक्त कराया। इस दौरान 11 ठेले जब्त कर दुकानदारों को सड़क पर सामान नहीं फैलाने के लिए हिदायत दी। फिर कब्जा न हो, इसके लिए मॉनिटरिंग होगी अब कार्रवाई वाले स्थल पर दोबारा कब्जा न हो इसके लिए जोन में टीम गठित की गई है। उन स्थानों की नियमित निगरानी कर शाम को रिपोर्टिंग होगी। अभियान निरंतर चलेगा, जिसमें पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी सहयोग कर रहे हैं। दोबारा दुकान लगाने पर जुर्माना, जब्ती के साथ ही लीगल नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी। – विश्वदीप, निगम आयुक्त दोबारा गलती में जुर्माना के साथ नोटिस भी अभी टीम प्रहरी पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर निगम क्षेत्र में अभियान चला रही है। इसमें शेड तोड़कर सड़क सीमा उल्लंघन के लिए निर्धारित जुर्माना वसूली के लिए ई चालान जनरेट कर रही है। ठेला लगाकर धंधा कर सड़क जाम करने वाले ठेलों को भी जब्त किया जा रहा है। यह टीम इन्हीं कार्रवाइयों पर नजर रखेगी। यदि दोबारा इसी स्थान पर किसी ने दुकान लगाने की गलती की तो उसके सामान जब्ती, जुर्माना के साथ लीगल नोटिस भी थमाया जाएगा, ताकि सड़क कब्जा मुक्त बनी रही। अभी भी चुनौती- दोबारा दुकान न लगे
गौरतलब है कि निगम प्रशासन के पास यह चुनौती बरकरार है कि मालवीय रोड और गोलबाजार क्षेत्र की सड़क को कब्जा मुक्त रख सके। यहां पहले भी देखा गया कि टीम प्रहरी की कार्रवाई के दौरान मिनटों में दुकानदारों ने अपने सामान समेट लिए। सड़कें लगभग कब्जा मुक्त भी हो गईं। टीम के वापस जाने के 1 घंटे बाद यहां दुकानें वापस सज चुकी थीं।


